After Header-1

केविन मैलॉय बने न्यूजीलैंड क्रिकेट के नए अध्यक्ष, डायना पुकेतापु-लिंडन की नौ साल बाद विदाई

वेलिंगटन। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। केविन मैलॉय को बोर्ड की कमान सौंपी गई है। 132वीं वार्षिक आम बैठक के तुरंत बाद हुई बोर्ड की बैठक में उनकी नियुक्ति का फैसला लिया गया। मौजूदा अध्यक्ष डायना पुकेतापु-लिंडन ने निदेशक के रूप में अधिकतम नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ दिया है।

डायना वर्ष 2017 में न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड से जुड़ी थीं। वर्ष 2023 में वह एनजेडसी की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला और माओरी मूल की पहली व्यक्ति बनी थीं। वहीं, मैलॉय वर्ष 2019 से बोर्ड के निदेशक हैं और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

मैलॉय को विज्ञापन, विपणन और अंतरराष्ट्रीय कारोबार का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने वैश्विक मीडिया एजेंसी स्टारकॉम के साथ 29 वर्ष तक काम किया। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय परिचालन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे। इसके अलावा कोका-कोला और प्रॉक्टर एंड गैंबल जैसे वैश्विक ब्रांडों से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे हैं।

बोर्ड में बदलाव के तहत रेविन लवेट और जोनो ब्रेंट को नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वहीं, अन्ना कैंपबेल और अली शैंक्स का तीन वर्ष का कार्यकाल नवीनीकृत किया गया है। माइक डेवोनशायर तीन वर्ष की सेवा के बाद बोर्ड से बाहर हो गए हैं।

नए अध्यक्ष मैलॉय ने डायना के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट का वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और एनजेडसी को इन बदलावों के अनुरूप आगे बढ़ना होगा।

मैलॉय ने घरेलू टी20 प्रतियोगिता एनजेड20 की संभावनाओं पर भी भरोसा जताया। साथ ही सामुदायिक क्रिकेट और उच्च प्रदर्शन प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया।

इस बीच, वार्षिक बैठक में वित्तीय वर्ष 2026 के ऑडिटेड नतीजे भी स्वीकार किए गए। न्यूजीलैंड क्रिकेट को 7.3 मिलियन डॉलर का घाटा हुआ है, जबकि अगले वित्तीय वर्ष में 10 मिलियन डॉलर से अधिक के अधिशेष का अनुमान लगाया गया है। इसमें भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे से होने वाली आय की अहम भूमिका रहने की उम्मीद है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.