After Header-1

भैयादूज पर बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, खरसाली पहुंचीं मां यमुना; अब यहां होंगे दर्शन

उत्तरकाशी। विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। शुभ मुहूर्त में पूर्वाह्न 10 बजकर 28 मिनट पर पूजा-अर्चना के बाद कपाट बंद होने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली जयकारों के बीच उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई।

शनिदेव महाराज की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव डोली ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों और सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच खरसाली गांव पहुंची। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली इस यात्रा में मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। करीब दो घंटे की यात्रा के बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली स्थित मंदिर में विधिवत विराजमान हुई।

अब खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन

कपाट बंद होने के बाद अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर (खुशीमठ) में कर सकेंगे। इसी तरह मां गंगा की उत्सव डोली भी बुधवार को मुखबा स्थित मुखीमठ मंदिर में विराजमान हो गई। अब श्रद्धालु शीतकाल में मां गंगा के दर्शन मुखबा में कर सकेंगे।

इस वर्ष दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस वर्ष यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई। दस लाख से अधिक यात्रियों ने मां यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगोत्री धाम की तरह यमुनोत्री में भी तीर्थयात्रियों का उत्साह देखने को मिला।

चारधाम के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा की तैयारियां तेज की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से खरसाली और मुखबा सहित शीतकालीन प्रवास स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रा मार्गों पर आवश्यक सुविधाएं जुटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे श्रद्धालु सर्दियों में भी मां गंगा और मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.