उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को सोमेश्वर स्थित अपने निजी आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में खेल, विज्ञान, महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश का मार्गदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख कर नई पीढ़ी का उत्साह बढ़ाया, वहीं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियों को सामने लाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। साथ ही पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश जल संकट से निपटने और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री के संदेशों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर जनजागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सामाजिक और पर्यावरणीय अभियानों से जुड़ सकें।
रेखा आर्या ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल सरकार की योजनाओं की जानकारी देने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। इससे लोगों में समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत होता है तथा जनभागीदारी को नई ऊर्जा मिलती है।
इस अवसर पर महेश नयाल, सुंदर राणा, भुवन जोशी, कृष्णा भंडारी, शंकर बिष्ट, सुरेश बोहरा, मोहन बोहरा, कमल गिरी, दिलीप सिंह रौतेला, विनोद मेहरा, भूपाल मेहरा, प्रकाश राम, चंदन बोहरा, प्रकाश बिष्ट, रवि कुमार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।