यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएचएआई) की उत्तराखंड राज्य इकाई के चुनाव संपन्न हो गए हैं। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें शशि रंजन को राज्य अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) तथा डॉ. देवेंद्र भसीन को चेयरमैन चुना गया। नई टीम ने संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने, सदस्य संख्या बढ़ाने और युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी में राजेश मामगाई, जगमोहन सिंह और हरि सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सुमित सैनी को कोषाध्यक्ष, विजय बेम्बी को ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी तथा मुहम्मद उस्मान को सचिव चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. हरवीर सिंह रंधावा, रवि शरण दीक्षित, डॉ. ए.के. सिंह और एल.एस. मेहता को नामित किया गया।
बैठक के दौरान सचिव मुहम्मद उस्मान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पिछले वर्ष आयोजित विभिन्न साहसिक, सामाजिक और युवा विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में 15 से 18 अगस्त तक आयोजित होने वाले दयारा बुग्याल बटरफ्लाई फेस्टिवल में संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को प्रकृति संरक्षण, ट्रेकिंग और एडवेंचर गतिविधियों से जोड़ा जा सके।
नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. देवेंद्र भसीन ने अपने संबोधन में संगठन की सदस्य संख्या बढ़ाने, युवाओं के लिए नए साहसिक कार्यक्रम शुरू करने और उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म की दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से उत्तर प्रदेश से आए पर्यवेक्षक विजय जायसवाल भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के बीच ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, प्रकृति संरक्षण और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने वाला प्रमुख संगठन है। प्राकृतिक संपदा से समृद्ध उत्तराखंड इन गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है और नई कार्यकारिणी ने राज्य में इन्हें और अधिक विस्तार देने का संकल्प व्यक्त किया।