रुद्रपुर। शहर में आस्था और विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पांच बड़ी घोषणाएं रुद्रपुर की तस्वीर और तकदीर बदल देंगी। इनमें सबसे अहम भव्य शिव कॉरिडोर का निर्माण है, जो शहर को एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
सोमवार को महापौर ने प्रस्तावित शिव कॉरिडोर क्षेत्र स्थित **नीलकंठ धाम** में रुद्राभिषेक किया। इसके बाद नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और निगम टीम के साथ नीलकंठ धाम, शिव मंदिर और गोल्ज्यू मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
महापौर ने बताया कि मानसखंड कॉरिडोर के तहत गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और गुरुचांद मंदिर परिसर को जोड़ते हुए त्रिभुजाकार स्वरूप दिया जाएगा। यहां 51 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा और नीलकंठ भवन का निर्माण होगा। कॉरिडोर के लिए अलग मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र आस्था का बड़ा केंद्र बनने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने कहा कि हाल ही में छह एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जहां यह परियोजना साकार होगी। इसके अलावा खेड़ा क्षेत्र में पर्यावरण मित्रों के लिए आवास, भूरारानी और गंगापुर रोड चौड़ीकरण, अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मिनी बाईपास और किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों, सौंदर्यीकरण और निर्माण योजनाओं सहित कुल 100.03 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम होगा, जिससे रुद्रपुर को नई पहचान मिलेगी।