रुद्रपुर। शहर को भगवान शिव की नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि इंदिरा चौक पर त्रिशूल स्थापना के बाद अब डीडी चौक को ‘डमरू चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौराहों को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने की योजना तैयार की थी। इसी क्रम में इंदिरा चौक पर भव्य त्रिशूल स्थापित किया जा चुका है। अब मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** द्वारा डीडी चौक पर डमरू चौक निर्माण का शिलान्यास किया गया है।
करीब 24 लाख रुपये की लागत से इस चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां आकर्षक डिजाइन के साथ डमरू की प्रतिकृति स्थापित की जाएगी, जिससे चौक की धार्मिक पहचान मजबूत होगी और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को आध्यात्मिक आस्था और आधुनिक विकास के संतुलन के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के अन्य प्रमुख स्थलों का भी चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।