रुद्रपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा इंदिरा कॉलोनी, गली नंबर-1 स्थित राजयोगा भवन में 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवाकेंद्र रुद्रपुर की संचालिका बीके सूर्यमुखी दीदी ने कहा कि जैसे श्रद्धालु शिवलिंग पर बेलपत्र, भांग, धतूरा और जल अर्पित करते हैं, उसी प्रकार मनुष्य को अपने भीतर की बुराइयों—काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, द्वेष और नफरत—को शिव पिता परमात्मा को समर्पित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति बाहरी अनुष्ठानों से नहीं, बल्कि आंतरिक शुद्धता और सतत जागरूकता से प्राप्त होती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल एक दिन का जागरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन में निरंतर आत्मचिंतन और सत्य के मार्ग पर चलने का संकल्प आवश्यक है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी शिव जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वास्तविक जागृति तभी संभव है, जब हम अपने विकारों को त्यागकर परमपिता परमात्मा शिव से जुड़ें।
इस अवसर पर बीके निर्मल बहन, बीके आशा सिंह, बीके नीलिमा शर्मा, बीके एकता ग्रोवर, बीके नीरू चावला, बीके बिमला, बीके कमला, बीके विमलेश, बीके मिथिलेश सिंह, बीके कंचन जोशी सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम में भक्ति गीत, राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित जनों को आत्मिक शांति का संदेश दिया गया।