दिनदहाड़े मोबाइल स्नेचिंग का खुलासा, दून पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

देहरादून। राजधानी में मोबाइल स्नेचिंग की एक घटना का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, गढ़ी कैंट निवासी प्रदीप पुत्र कमल पाल ने कोतवाली कैंट में तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी टपकेश्वर रोड से शेरबाग रोड स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली कैंट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए सुरागरसी की। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान पोस्ट ऑफिस तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों—लाड सिंह और लक्की सिंह—को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और यूके-07-एफबी-6658 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। वे चोरी किए गए मोबाइल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पुलिस तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.