काठमांडू, आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में नेपाल की टीम आज अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में इटली से भिड़ेगी। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर 3:15 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में नेपाल की नजरें टूर्नामेंट की पहली जीत पर टिकी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली करीबी हार के बाद टीम इस बार कोई चूक नहीं करना चाहती।
नेपाल ने अपने पहले मैच में 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन बनाए, लेकिन चार रन से मैच गंवा दिया। इस प्रदर्शन ने यह जरूर दिखा दिया कि नेपाल की टीम बड़े प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती देने में सक्षम है।
इटली के लिए यह टी20 विश्व कप में पदार्पण है, जबकि नेपाल तीसरी बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहा है। पिछली दो बार नेपाल ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सका था। ऐसे में इस बार टीम कम से कम एक जीत दर्ज कर अपनी छाप छोड़ना चाहती है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में नेपाल 16वें स्थान पर है, जबकि इटली 26वें स्थान पर। कागजों पर नेपाल मजबूत नजर आता है, लेकिन इटली को हल्के में लेना आसान नहीं होगा। यूरोप क्षेत्रीय क्वालिफायर में स्कॉटलैंड जैसी मजबूत टीम को हराकर इटली ने विश्व कप में जगह बनाई है। इटली की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिनकी पृष्ठभूमि टेस्ट खेलने वाले देशों से जुड़ी रही है। हालांकि, टीम के कप्तान वेन मैडेसन चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे।
ग्रुप सी में नेपाल के साथ वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और इटली शामिल हैं। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में नेपाल अपने सभी ग्रुप मुकाबले भारत में खेल रहा है। आज का मैच नेपाल के लिए आत्मविश्वास और अभियान दोनों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।