सडनडेथ में रोमांचक जीत: IGIPESS ने जीता पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी खिताब

नई दिल्ली,12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के महिला वर्ग का खिताब इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस (आईजीआईपीईएसएस) ने शानदार अंदाज में अपने नाम कर लिया। श्याम लाल कॉलेज मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में आईजीआईपीईएसएस ने गत विजेता दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना को सडनडेथ में 8-7 से पराजित किया।

निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा। इसके बाद हुए टाईब्रेकर में भी दोनों टीमों ने पांच-पांच गोल दागे और स्कोर 7-7 हो गया। अंततः सडनडेथ में आईजीआईपीईएसएस ने निर्णायक गोल कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और जुझारूपन दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

विजेता टीम की ओर से पिंकी, सुकन्या और बिंदु ने दो-दो गोल किए, जबकि आँचल और सोमवती ने एक-एक गोल का योगदान दिया। वहीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना के लिए मनीता ने तीन गोल दागे, विधि ने दो और सोनिका व कंचन ने एक-एक गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए यशस्वी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन, वेलकम वार्ड के पार्षद रितेश सूजी और श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) के प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। विधायक महाजन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि श्याम लाल कॉलेज में हॉकी की 40 वर्षों की समृद्ध परंपरा रही है और युवा खिलाड़ियों को इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

प्रिंसिपल प्रो. कर ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद दिया और खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वी.एस. जग्गी के प्रयासों को भी सराहा, जिनके मार्गदर्शन में टूर्नामेंट का सफल आयोजन संभव हो सका।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.