देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर 16 फरवरी 2026 को प्रस्तावित ‘राजभवन घेराव’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में राजीव भवन, 21 राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की और अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। नेताओं ने राजभवन घेराव को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी साझा किए। निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घेराव राज्य के जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठन, विभाग और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कांग्रेस इस दौरान राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बैठक में कहा कि राज्य की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े अपराध हो रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को बड़ी संख्या में राजभवन पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के बाद गोदियाल ने परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।