नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत हरिद्वार जनपद पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान रुड़की क्षेत्र से एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 174 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं, जिन्हें अवैध रूप से बेचने की फिराक में वह घूम रहा था।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस टीम ने नगला ईमरती क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नदीम पुत्र इस्माइल, निवासी नगला ईमरती, थाना कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।