उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित सिंगोली-भटवारी जल विद्युत परियोजना के बैराज कुंड से 8 जनवरी, गुरुवार को पानी छोड़ा जाएगा। परियोजना प्रबंधन के अनुसार यह कार्य सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। बैराज पर लगे रेडियल गेटों के नियमित रखरखाव और सिल्ट फ्लशिंग की प्रक्रिया के चलते यह निर्णय लिया गया है।
परियोजना प्रबंधन ने बताया कि पानी छोड़े जाने के दौरान मंदाकिनी नदी का जलस्तर और प्रवाह सामान्य से अधिक हो सकता है, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों और कार्यरत मजदूरों को खतरा हो सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन और परियोजना प्रबंधन ने एहतियातन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से अपील की गई है कि निर्धारित समयावधि में न तो स्वयं और न ही अपने मवेशियों को नदी की ओर ले जाएं। इसके साथ ही नदी क्षेत्र में खनन कार्य कर रही संस्थाओं और व्यक्तियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दौरान अपनी मशीनें, वाहन और पशुओं को सुरक्षित दूरी पर रखें।
परियोजना प्रबंधन ने जनहित में लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सावधानी बरतने से किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सकता है।