भारत रत्न और ‘लौह पुरुष’ के नाम से विख्यात सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन एकता, दृढ़ता और राष्ट्रनिर्माण का अनुपम उदाहरण है। उनके सेवाभाव और दृढ़ संकल्प ने आधुनिक भारत की नींव को मजबूत किया।
सोमवार को मुख्यमंत्री धामी ने अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्रहित के प्रति अटल समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आज भी हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की अनेक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण करना सरदार पटेल की दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व का परिणाम था। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी साहस और सूझबूझ से काम लेते हुए देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
धामी ने कहा कि सरदार पटेल ने न केवल राजनीतिक एकीकरण किया, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की मजबूत आधारशिला भी रखी। उनका योगदान भारत के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचार और मूल्य आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने और देश की एकता को सुदृढ़ करने के लिए सरदार पटेल का जीवन हम सभी को मार्गदर्शन प्रदान करता है।