उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ब्यासी क्षेत्र में गुल्लर के समीप एक थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन में सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1:22 बजे हुआ। थार कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो किसी निजी यात्रा पर थे। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ब्यासी से सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
अंधेरी रात और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान सोहिल (32) निवासी दिल्ली, रोहित गुप्ता (28) साहिबाबाद, शीषपाल (28) गाजियाबाद, विकास कुमार (26) साहिबाबाद और भास्कर कुमार (27) साहिबाबाद के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या सड़क पर फिसलन की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।