दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को कश्मीर घाटी में लगभग 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, ये छापे मौलवी इरफान अहमद वागे, डॉ. अदील, डॉ. मुज़म्मिल और आमिर राशिद सहित कई व्यक्तियों के घरों पर मारे गए।
छापेमारी शोपियां के नादिगाम, कोइल, चंदगाम, मलंगपोरा और पुलवामा के संबूरा गांवों में चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि टीमें ऐसे दस्तावेज और डिजिटल सबूत तलाश रही हैं, जो दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े किसी ‘व्हाइट-कॉलर मॉड्यूल’ का संकेत दे सकते हैं।
एनआईए अब तक इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह मामला 10 नवंबर का है, जब दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास खड़ी एक कार में उच्च तीव्रता का विस्फोट हुआ था। इस धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी हैं और कश्मीर में की जा रही यह कार्रवाई उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।