महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बार्शी–लातूर हाइवे पर जांभालबेट के पुल पर बीती रात एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों को बार्शी के जगदाले अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बार्शी पुलिस के अनुसार, पनवेल निवासी अनिकेत गौतम कांबले (28) का विवाह हाल ही में मेघना अनिकेत कांबले से हुआ था। विवाह के महज पांच दिन बाद ही अनिकेत अपनी पत्नी और पांच अन्य रिश्तेदारों के साथ सोलापुर के तुलजापुर में देवदर्शन के लिए निकले थे। रविवार शाम को वे पनवेल स्थित अपने घर से रवाना हुए थे।
जैसे ही कार जांभालबेट के पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहा एक ट्रक तेज गति से आया और कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे कई लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे। मृतकों की पहचान गौतम भगवान कांबले (65), जया गौतम कांबले (60), सारिका संजय वाघमारे (45), संजय तुकाराम वाघमारे (50) और एक अन्य व्यक्ति के रूप में की गई है।
हादसे में नवविवाहित दंपत्ति अनिकेत और मेघना घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।