केदारनाथ धाम। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी रविवार को पैदल मार्ग से श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्री केदार सभा और बीकेटीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिवमहापुराण कथा में भी शामिल होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया। केदार सभा की ओर से बीकेटीसी अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण भी मौजूद रहे।
केदारनाथ धाम पहुंचने के बाद हेमंत द्विवेदी ने मंदिर परिसर, कार्यालय, दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की कतार और यात्रा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और यात्रा अनुभव के बारे में भी जानकारी ली।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि अब तक करीब 14.5 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। श्रावण मास के चलते बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री भी जलाभिषेक के लिए केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद शुरू होने वाली यात्रा के दूसरे चरण को लेकर तैयारियां लगातार की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस दौरान हेमंत द्विवेदी ने शिवमहापुराण ज्ञान यज्ञ में पहुंचकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने व्यास पीठ से आचार्य शिवराम भट्ट का आशीर्वाद लिया और शिवमहापुराण कथा के आयोजन में सहयोग देने वाले केदार सभा के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और दानदाताओं का आभार जताया।
शिवमहापुराण कथा के नौवें दिन आचार्य शिवराम भट्ट ने भगवान शिव की महिमा और उनके स्वरूप का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ जलाभिषेक मात्र से प्रसन्न हो जाते हैं।
कार्यक्रम में श्री केदार सभा अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ सहित केदार सभा के पदाधिकारी, तीर्थ पुरोहित और अन्य लोग मौजूद रहे।