मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में कुंभ केवल धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी मानवीय भावना को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आज भी बड़ी संख्या में लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। बेहतर दृष्टि मिलने से व्यक्ति के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।
उन्होंने बताया कि नेत्र कुंभ की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस अभियान का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की आंखों की जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ-2027 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए यातायात, पैदल आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

