नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गरीबी से मुक्ति और नक्सलवाद-माओवादी आतंक का अंत देश की दो बड़ी उपलब्धियां हैं। इन दोनों उपलब्धियों का जनजातीय समाज से गहरा संबंध है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सली हिंसा से सबसे अधिक नुकसान आदिवासी समाज को उठाना पड़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले नक्सलवाद और माओवाद से प्रभावित थे। इन क्षेत्रों में हिंसा के कारण हर साल सैकड़ों घटनाएं होती थीं और हजारों निर्दोष लोगों की जान जाती थी। आदिवासी समुदाय के लोगों को भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताना पड़ता था। उन्हें मतदान तक करने से रोका जाता था। अब नक्सलवाद के कमजोर पड़ने और समाप्त होने से जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बन रहा है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण जिन बच्चों का बचपन प्रभावित हुआ, वे अब शिक्षा और विकास के माध्यम से देश की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। बस्तर का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी जिस क्षेत्र में जाने से लोग डरते थे, वहां अब बदलाव दिखाई दे रहा है।
मोदी ने कहा कि सरकार ने सुरक्षा के साथ विकास को भी प्राथमिकता दी है। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पीएम कृषि धन-धान्य योजना के तहत 100 जिलों के किसानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, पीएम-जनमन के तहत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्र तथा अन्य जनजातीय विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 19 नए एकलव्य विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला रखी गई।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा है। जनजातीय समाज के नायकों को सम्मान देना और उनकी संस्कृति एवं विरासत का संरक्षण करना सरकार की प्राथमिकता है।

