After Header-1

रेखा आर्य का भावुक बयान- विधायक और मंत्री बाद में हूं, सबसे पहले आपकी बेटी हूं

 सोमेश्वर। कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य ने कहा कि उनके लिए मंत्री और विधायक का पद बाद में है, सबसे पहले वह क्षेत्र की बेटी हैं। जनता के साथ उनका रिश्ता राजनीतिक पदों से कहीं बढ़कर है। उन्होंने यह बात सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के रनमन और स्याही देवी मंडल के मनान शक्ति केंद्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड ने अपनी स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश किया है। इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य निर्माण के पीछे जिन सपनों और अपेक्षाओं को लेकर आंदोलन हुआ था, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित कर रही है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लोगों को उनका लाभ मिल सके।

मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ अपने पारिवारिक जुड़ाव को भी रेखांकित किया।

सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, विधानसभा विस्तारक विनोद कुमार पंत, विधानसभा प्रभारी दीप भगत, बूथ अध्यक्ष दया कृष्ण जोशी, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी एवं ललित नयाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा नंदन राणा, सुरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, संजय स्यूनरी, कमल सनवाल, देवेंद्र मेहरा, हेम जोशी, ममता पांडे और गीता देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.