देहरादून। जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव से हुई। दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट भी वितरित की गईं।
शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पेंशन और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कैबिनेट मंत्री ने 28 से अधिक शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार की योजनाओं और सेवाओं को जनता के बीच पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक बहुउद्देशीय जन शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान समेत कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल का शिविर इसी अभियान की शुरुआत है।