देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। अधिकारियों को अपने स्तर पर प्राथमिकता तय करते हुए शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना होगा।
धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे माध्यमों से शिकायतों के समाधान को मजबूत किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के अलावा स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
जनसुनवाई के दौरान 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। पटाया, थाईलैंड में हुई प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।