देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव सशक्त होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहकारिता की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारिता क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ नई कार्यदृष्टि देने में भी उपयोगी साबित होंगे।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सहकारिता को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में सहकारिता प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, युवा और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने पंतनगर से शुरू की गई सहकारिता से जुड़ी विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया। इनमें सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ, सहकारिता से जुड़े नए पाठ्यक्रम, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण शामिल हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी व अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।