बौराड़ी स्टेडियम में लगा जनसेवा का मंच, मौके पर सुनी गईं लोगों की समस्याएं

टिहरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और कई सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देगा।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, आवास योजना में पात्र लोगों के चयन, सफाई निरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची जारी करने और भूस्खलन से हुई क्षति समेत कई समस्याएं प्रभारी मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि अभियान के माध्यम से योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी जा रही हैं। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं और किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने उत्तराखंड में सैनिकों और उनके परिवारों के लिए किए गए प्रावधानों तथा राज्य में यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई और रक्तदान शिविर शुरू किया गया। विभिन्न नगर निकायों में कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रमाण-पत्र, फर्स्ट एड किट और स्वास्थ्य किट देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं।

युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विभिन्न चैलेंजों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने प्रस्तुतियां दीं।

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण और रक्तदान की सुविधा उपलब्ध रही। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन आवेदन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र और सहायक उपकरण संबंधी सेवाएं दीं। राजस्व विभाग ने प्रमाण-पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड और यूसीसी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई।

कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के पंजीकरण के साथ बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। ग्राम्य विकास, श्रम, बाल विकास, पशुपालन, आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक विभागों ने भी अपने-अपने स्टॉलों पर सेवाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.