मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में टूटा पुराना रिकॉर्ड, 2.35 लाख खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित है, ऐसे में आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा के लिए खेल मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रेखा आर्य ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम 2,000 खिलाड़ियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा। साथ ही जिला योजना के तहत प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बजट बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष यह संख्या पहले ही 2.35 लाख के पार पहुंच चुकी है। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार खिलाड़ियों की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

इस वर्ष प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। वहीं महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष की महिलाएं भी प्रतिभाग कर सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

खेल मंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदान, आयोजन, आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश ममगाईं और उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.