नन्हे हाथों की राखी से सजी मंत्री गणेश जोशी की कलाई, बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन

देहरादून। पटेल नगर स्थित जीआरडी अकादमी में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने हाथों से तैयार की गई सुंदर राखियां मंत्री की कलाई पर बांधीं। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से अभिभूत गणेश जोशी ने भी उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राखी बंधवाने के बाद मंत्री ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषयों, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी आकांक्षाएं उनके साथ साझा कीं। इस दौरान कार्यक्रम का माहौल बेहद सहज और खुशनुमा नजर आया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की मासूम मुस्कान और स्नेह मन को ऊर्जा और नई प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के बीच रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी के संकल्प का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के लिए शिक्षा के साथ संस्कारों का मजबूत होना जरूरी है। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताया।

मंत्री ने इस अवसर पर बच्चों को स्नेहपूर्वक उपहार भी भेंट किए। उन्होंने बच्चों की सफलता, उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सही दिशा और अवसर देकर उन्हें आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर लता गुप्ता, प्रिंसिपल परप्रीत सिंह ग्रेवाल समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। बच्चों के साथ मनाए गए इस रक्षाबंधन समारोह ने त्योहार के पारंपरिक संदेश के साथ शिक्षा, संस्कार और बच्चों के सपनों को भी प्रमुखता दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.