देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर निगम देहरादून स्थित मेयर कार्यालय में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का भावुक माहौल देखने को मिला। भागीरथी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राएं मेयर कार्यालय पहुंचे और मेयर सौरभ थपलियाल की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस आत्मीय भाव से समारोह में पर्व की खुशियां और भी बढ़ गईं।
स्कूल के बच्चों ने अपने हाथों से मेयर को राखी बांधते हुए भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान मेयर सौरभ थपलियाल ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने बच्चों के साथ बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने तक सीमित पर्व नहीं है। यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी के मजबूत रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है और बच्चों के माध्यम से इन परंपराओं का आगे बढ़ना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में संस्कार और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी रिश्तों की अहमियत समझाने का भी काम करते हैं। मेयर ने सभी बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पार्षद रमेश चंद्र गौड़ और पार्षद रेनू घेल सहित स्कूल के निदेशक नरेंद्र चमोली, प्रधानाचार्य निधि किमोला, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मेयर कार्यालय में बच्चों द्वारा राखी बांधने का यह स्नेहपूर्ण कार्यक्रम रक्षाबंधन की खुशियों को खास बनाने वाला रहा। बच्चों के उत्साह और आत्मीयता ने समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते के साथ सामाजिक सौहार्द और भारतीय संस्कारों का संदेश भी देखने को मिला।