ट्रंप के गोल्फ क्लब के बाहर हथियारबंद संदिग्ध गिरफ्तार, जांच में बड़ा खुलासा

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा से जुड़े एक मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर रविवार को एक हथियारबंद संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक उसके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। घटना के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, संदिग्ध गोल्फ क्लब परिसर के आसपास घूम रहा था और वहां तस्वीरें लेने के साथ वीडियो भी बना रहा था। अधिकारियों को आशंका है कि वह सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहा था। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका वास्तविक मकसद क्या था और क्या वह राष्ट्रपति ट्रंप के लिए किसी संभावित खतरे का हिस्सा था।

अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान डाउनी निवासी 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के रूप में की है। उसके खिलाफ एल सेगुंडो में नवंबर 2025 की एक कथित डकैती का मामला भी दर्ज है। मौजूदा मामले में उसे छिपाकर हथियार ले जाने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।

लॉस एंजिल्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, टैले ने मंगलवार को चार आरोपों में खुद को निर्दोष बताया। इनमें कथित डकैती का मामला और गोल्फ क्लब से जुड़ी हथियार संबंधी तीन धाराएं शामिल हैं।

जांच को आगे बढ़ाते हुए एफबीआई की संयुक्त आतंकवाद रोधी टास्क फोर्स के अधिकारियों ने सोमवार को टैले के घर की तलाशी ली। शेरिफ विभाग के मुताबिक, तलाशी के दौरान एक नोटबुक बरामद हुई। इसमें एआर-स्टाइल राइफल, .45 कैलिबर पिस्तौल, बॉडी आर्मर, हाई-कैपेसिटी मैगजीन, गोला-बारूद और रेडियो सिग्नल उपकरणों से संबंधित जानकारी लिखी मिली।

संदिग्ध की गिरफ्तारी उस समय हुई जब राष्ट्रपति ट्रंप कैलिफोर्निया की यात्रा पर थे। सीक्रेट सर्विस अब यह भी जांच कर रही है कि संदिग्ध की गतिविधियों का राष्ट्रपति की सुरक्षा से कोई सीधा संबंध था या नहीं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.