मॉस्को। यूक्रेन के नए सैन्य प्रमुख मिखाइल द्रापाटी के पद संभालने के बाद रूस पर हमलों में तेजी आने का दावा किया गया है। रूसी विदेश मंत्रालय के विशेष दूत रोडियन मिरोशनिक के अनुसार, 21 जुलाई से अब तक यूक्रेनी हमलों में करीब 950 नागरिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों में कम से कम 45 बच्चे भी शामिल हैं और इनमें 15 बच्चों की जान गई है।
मिरोशनिक ने आरोप लगाया कि द्रापाटी के नेतृत्व में यूक्रेन ने हमलों की रणनीति में बदलाव करते हुए आम बसों, निजी वाहनों, कृषि मशीनों और एंबुलेंस जैसे वाहनों को भी निशाना बनाया है। उनके मुताबिक, पश्चिमी देशों से मिली सैन्य सहायता और बड़ी संख्या में उपलब्ध ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ाया गया है।
रूसी अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात यूक्रेन ने ड्रोन के जरिए रूस के कई इलाकों में हमले किए। इन हमलों में निजी कंपनियों के गोदामों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। कार्यवाहक क्षेत्रीय गवर्नर विटाली कोरोल्योव ने बताया कि चेखोव शहर के एक गोदाम पर हुए ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हुए।
रूस के उप विदेशमंत्री मिखाइल गलुजिन ने भी यूक्रेन पर रूस के आर्थिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह बात सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित तीसरे रूस-कजाकिस्तान मीडिया फोरम के दौरान कही।
वहीं, रूस के सैन्य विशेषज्ञ आंद्रे मारोचको ने दावा किया कि रूसी सैनिकों ने सुमी क्षेत्र में नोवाया सेच के पास यूक्रेनी सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाई है। उनके अनुसार, रूसी सेना अब मारिनो बस्ती की दिशा में दबाव बढ़ा रही है और सुमी क्षेत्र के इवोल्झांस्की सेक्टर में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने इससे पहले 29 जुलाई को नोवाया सेच को यूक्रेन के नियंत्रण से मुक्त कराने का दावा किया था। हालांकि, युद्ध से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।