हरिद्वार। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शंकराचार्य चौक पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी सीधे कांवड़ियों के बीच पहुंचे। उन्होंने तीर्थनगरी से अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से आत्मीय बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और किसी तरह की परेशानी के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से शिवभक्तों को फल, जूस, पेयजल और अन्य अल्पाहार भी वितरित किया गया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों से विशेष रूप से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। शिवभक्तों की ओर से सामने आए सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी को अपने बीच देखकर कांवड़ियों में भी उत्साह नजर आया। शिवभक्तों ने जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की और अधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद कांवड़िए उत्साह और श्रद्धा के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी मार्ग में शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा का जायजा लिया।
जिला प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें यात्रा मार्गों पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सेवा भाव के साथ की जा रही इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है।