मसूरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से टाउन हॉल में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारत योग की जन्मभूमि है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ था, जिसके बाद हर वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। आज विश्व के अधिकांश देशों में करोड़ों लोग योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
गणेश जोशी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भागदौड़ भरे जीवन में प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए अवश्य निकालें, ताकि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य कोमल सेमवाल ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और योग को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग स्वास्थ्य संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, सभासद रणवीर कंडारी, पवन थलवाल, अनीता सक्सेना, गुडमोहन राणा, विजय रमोला, आईटीबीपी के जवान, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।