बनबसा से सीएम धामी का बड़ा संदेश, युवाओं से की नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील

 देहरादून/बनबसा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हजारों योग साधकों, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां शारदा की पावन भूमि पर क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास करना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले योग प्रशिक्षकों, साधकों और आयोजकों का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवनशैली है। वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ दिनचर्या से पैदा हो रही चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार के रूप में उभरा है। नियमित योग और प्राणायाम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं से नशामुक्त, अनुशासित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जिसने विश्वभर में मानवता को जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। राज्य की योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और शोध कार्यों के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत बनबसा और टनकपुर क्षेत्र को आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। लगभग 3300 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण में 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य शुरू हो चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.