मानसून से पहले चारधाम यात्रा पर बड़ी समीक्षा, सीएम धामी को क्या बताया बीकेटीसी अध्यक्ष ने?

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार पूर्वाह्न मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम की वर्तमान यात्रा स्थिति, श्रद्धालुओं की संख्या तथा मानसून सीजन से पहले की जा रही सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 19 जून 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में 12 लाख 2 हजार 993 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, श्री केदारनाथ धाम में अब तक 12 लाख 79 हजार 211 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। इस प्रकार दोनों धामों में कुल 24 लाख 82 हजार 204 श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ इस वर्ष की यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिल रही है।

हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए संबंधित विभागों, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन इकाइयों तथा अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की निगरानी, संवेदनशील स्थलों की पहचान, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को यह भी बताया गया कि बीकेटीसी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा मौसम संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ किया जा रहा है।

चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सरकार और मंदिर समिति विशेष सतर्कता बरत रही है। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक चुनौतियों के मद्देनजर यात्रा संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनी रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.