श्रीनगर विधानसभा को मिलेगी नई उड़ान! पाबौं, चाकीसैण और थलीसैण में बनेंगे हैलीपैड

देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन, संपर्क सुविधा और स्थानीय रोजगार को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने पाबौं, चाकीसैण और थलीसैण में प्रस्तावित तीन हैलीपैड निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के साकार होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की संयुक्त समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने विधानसभा क्षेत्र में संचालित पर्यटन एवं अवस्थापना विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पाबौं और चाकीसैण हैलीपैड का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि थलीसैण हैलीपैड के लिए 25 जून से सर्वे शुरू किया जाएगा। डॉ. रावत ने पाबौं हैलीपैड तक पहुंचने वाले मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हैलीपैड बनने से आपदा प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने पैठाणी स्थित प्राचीन राहू मंदिर को विशेष पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए पर्यटन विभाग को स्थल विकास और आधारभूत सुविधाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने राहू मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण को भी प्राथमिकता देने को कहा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को सुविधा मिल सके।

इसके अतिरिक्त डॉ. रावत ने ‘श्रीनगर-खिर्सू-पौड़ी पर्यटन सर्किट’ के अंतर्गत कमलेश्वर महादेव, धारी देवी, देवलगढ़, कंडोलिया महादेव और राजराजेश्वरी मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.