देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए चयनित महिलाओं की सूची जारी कर दी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए राज्य के सभी 13 जनपदों से एक-एक महिला का चयन किया गया है। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दोनों पुरस्कार 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर समाज और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
रेखा आर्य ने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण के बल पर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है, ताकि उनकी सफलता की कहानियां नई पीढ़ी और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सकें। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान आज महिलाओं के साहस, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुका है।
रेखा आर्य ने बताया कि इसी समारोह में राज्य की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकार की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान अन्य महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।