गंगा संरक्षण कार्यों में ढिलाई पर डीएम सख्त, अधिकारियों को जारी हुए कड़े निर्देश

 देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंगा संरक्षण, स्वच्छता और सीवरेज परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और परिणामोन्मुख कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला गंगा संरक्षण समिति एवं अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि केवल प्रस्तुतिकरण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं के परिणाम धरातल पर भी दिखाई देने चाहिए। उन्होंने जल संस्थान और परियोजना प्रबंधन इकाई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं।

टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित एसटीपी निर्माण के लिए भूमि चयन में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं ऋषिकेश क्षेत्र में निर्माणाधीन एसटीपी, सीवेज पम्पिंग स्टेशन और सीवर लाइन परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने नगर निगम ऋषिकेश को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पायलट प्रोजेक्ट को मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। डेयरी वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान नगर निगम देहरादून के संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

बिंदाल नदी में गिरने वाले प्रदूषित नालों की टैपिंग में देरी पर भी डीएम ने असंतोष व्यक्त किया और सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नालों की सफाई के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल दिया।

उन्होंने गंगा सहित अन्य नदियों के तटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, संभावित प्रदूषण स्थलों की पहचान करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। अर्धकुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर भी जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरे किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.