नितिन नवीन से मिले पूर्व सैन्य अधिकारी, उत्तराखंड की वीर परंपरा पर हुई अहम चर्चा

 देहरादून। उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में शनिवार को रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उनका उत्तराखंड आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे।

भेंटवार्ता के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को प्रथम विश्व युद्ध के महानायक और गढ़वाल राइफल्स के वीर योद्धा गब्बर सिंह नेगी की स्मृति से जुड़ा विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके माध्यम से उन्होंने उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा, वीरता और देशभक्ति की विरासत से उन्हें अवगत कराया।

बैठक में पूर्व सैनिकों और सैन्य अधिकारियों ने उत्तराखंड की सैन्य विरासत, पूर्व सैनिकों के कल्याण, सैनिक परिवारों की समस्याओं तथा राष्ट्र निर्माण में सैनिकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर नितिन नवीन ने देश की सुरक्षा और अखंडता में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों का त्याग, समर्पण और अनुशासन देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने पूर्व सैनिकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और सेवाएं समाज और देश दोनों के लिए अमूल्य हैं।

उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य का सैन्य योगदान पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। यहां के सैनिकों ने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यक्रम में मेजर जनरल प्रबोध सरन राणा, मेजर जनरल अभय कार्की, मेजर जनरल एस.एस. नेगी, ब्रिगेडियर के.जी. बहल, कर्नल आर.एस. भंडारी, कर्नल पवन वाही, कर्नल आर.एस. क्षेत्री, कैप्टन दिनेश प्रधान, नायब सूबेदार विक्रम कंडारी, कैप्टन बिष्ट और पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट सहित अनेक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान सैनिकों के सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.