After Header-1

उत्तराखंड का निर्यात 13,802 करोड़ रुपये पहुंचा, एमएसएमई को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड की औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार ने निर्यात क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को होटल हयात सेंट्रिक में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय, क्षेत्रीय प्राधिकरण दिल्ली और उत्तराखंड सरकार के उद्योग निदेशालय की ओर से ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वैश्विक व्यापार के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए समझौतों के माध्यम से भारतीय उत्पादों को शून्य या रियायती सीमा शुल्क पर विदेशी बाजारों में प्रवेश मिल सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें फार्मा, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने बताया कि ‘इन्वेस्ट उत्तराखंड’ सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 और इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है।

औद्योगिक विकास को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर बनाया जा रहा है। वहीं, खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित करने की योजना है। हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ ब्रांड के माध्यम से ऐपण कला, मोटे अनाज, पारंपरिक हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त सौरभ गहरवार ने प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और निर्यात बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.