मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के थराली विकासखंड में कुलसारी बहुउद्देशीय मैदान को पिंडर नदी के कटाव से बचाने के लिए 491.98 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं, हल्द्वानी के गोलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल अवस्थापना विकास के लिए 100 लाख रुपये के निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 3,042 सरकारी भवनों पर 17 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसके लिए स्वीकृत 40.67 करोड़ रुपये की राशि में से दूसरी किश्त के रूप में 16.268 करोड़ रुपये जारी करने की अनुमति दी गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के परिसर में परीक्षा हॉल, गेस्ट हाउस के सामने लॉन, आंतरिक सड़क और फर्निशिंग कार्यों के लिए भी 123.908 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने के लिए पिथौरागढ़ के उपरतोला गांव में आंतरिक मार्ग निर्माण को 84.94 लाख और डीडीहाट के द्योगली गांव में सीसी मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्यों को 99.69 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। बागेश्वर में एक जनपद एक नदी योजना के तहत गरुड़ गंगा की कार्ययोजना के लिए 316.58 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 42.98 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टिहरी में चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण पर 67.87 लाख और तीन मंदिरों के विकास पर 100.67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रतापनगर के हुण्डेश्वर महादेव मंदिर के पास हिमालय और टिहरी झील के नजारे वाले स्थान पर ध्यान केंद्र बनाने के लिए 82.62 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़ के मणकेश्वर सिद्ध महादेव के विकास के लिए 70 लाख और चंपावत के 74 छूटे हुए तोकों में शत-प्रतिशत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 199.872 लाख रुपये की शेष धनराशि स्वीकृत की गई है।

