कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए बीज से लेकर बाजार तक किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और उत्तराखंड किसानों की आय बढ़ाने के मामले में देश में अग्रणी बना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के आठ लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। इस सहायता से किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
गणेश जोशी ने कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई है। इससे किसानों को खेती, बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में सामूहिक भागीदारी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषि स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छोटे किसानों और समूहों को अपनी गतिविधियों का विस्तार करने तथा कृषि आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने, आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित करने और कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से उत्तराखंड का कृषि एवं बागवानी क्षेत्र और मजबूत होगा तथा किसानों की समृद्धि का रास्ता खुलेगा।

