After Header-1

सरकारी योजनाओं से बदली लाखों लोगों की जिंदगी, भाजपा ने गिनाईं धामी सरकार की उपलब्धियां

देहरादून। भाजपा ने उत्तराखंड की धामी सरकार के कार्यकाल को जनकल्याण, सुशासन और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला बताया है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा पहुंचाने का काम किया है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के लाखों बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, श्रमिकों और युवाओं को लाभ मिला है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार का कार्यकाल सेवा, सुशासन और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। खासतौर पर आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया गया है।

चौहान ने कहा कि सरकार ने गरीबों और जरूरतमंदों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए रोटी, कपड़ा, मकान, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं घर-घर तक पहुंचाने के लिए काम किया है। उनका कहना है कि इन प्रयासों से उन परिवारों को राहत मिली है, जो लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं के सशक्तीकरण और श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों को नई उम्मीद दी है। वहीं, युवाओं के लिए विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत ढांचे का विकास करना नहीं, बल्कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं के विस्तार ने उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.