मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही उनकी प्राथमिकता केवल श्रमिकों की सुरक्षित वापसी थी। उनके परिजनों की चिंता और अपनों को सुरक्षित देखने की उम्मीद ने इस अभियान को उनके लिए व्यक्तिगत संकल्प बना दिया था। उन्होंने कहा कि परिवारों के साथ बिताए गए पल आज भी उन्हें याद हैं। हर बैठक और समीक्षा के दौरान उनके मन में 41 श्रमिकों के चेहरे और उनके परिवारों की उम्मीदें रहती थीं।
धामी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान लगातार मुश्किलें सामने आती रहीं। कई बार लगा कि सफलता मिलने वाली है, लेकिन अचानक कोई नई बाधा रास्ता रोक देती थी। कहीं मलबा चुनौती बनता तो कहीं चट्टानों के कारण मशीनों से ड्रिलिंग में परेशानी आती। ऑगर मशीन में आई दिक्कतों के बाद बचाव रणनीति में भी बदलाव करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि एक रास्ते में बाधा आने पर दूसरे विकल्पों पर काम शुरू किया गया। क्षैतिज ड्रिलिंग के साथ वर्टिकल ड्रिलिंग और अन्य वैकल्पिक तकनीकों का सहारा लिया गया। देश-विदेश के विशेषज्ञों की मदद से लगातार प्रयास जारी रहे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों का धैर्य और साहस पूरे अभियान में सबसे बड़ी प्रेरणा बना। 17 दिनों तक कठिन परिस्थितियों में रहने के बावजूद उनका मनोबल बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते रहे।
इस अभियान में केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने मिलकर काम किया। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे देश के सामूहिक प्रयास और एकजुटता का यादगार उदाहरण बताया।

