After Header-1

सैंडपेपर विवाद पर फिर खुलेगा पुराना मामला, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने लिया बड़ा फैसला

मेलबर्न। साल 2018 के चर्चित बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए गेंद से छेड़छाड़ मामले की समीक्षा के लिए गठित स्वतंत्र मंच की कार्यप्रणाली और संदर्भ की शर्तें जारी कर दी गई हैं। इस प्रक्रिया के तहत उस दौरे का हिस्सा रहे खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। समीक्षा पूरी करने के लिए छह सप्ताह की समय सीमा तय की गई है।

इस स्वतंत्र प्रक्रिया का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता फियोना मैकलियोड एओ एससी करेंगी। खास बात यह है कि प्रतिभागियों की व्यक्तिगत गवाही पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड को किसी खिलाड़ी या अधिकारी का व्यक्तिगत बयान नहीं दिया जाएगा। उसे केवल समीक्षा में सामने आए प्रमुख मुद्दों और सिफारिशों वाली रिपोर्ट सौंपी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के 30 दिनों के भीतर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी प्रतिक्रिया के साथ इसे सार्वजनिक करेगा।

दरअसल, यह मामला उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ के सामने आने के बाद फिर चर्चा में आया। ख्वाजा ने दावा किया था कि 2018 में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी केवल उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें इस मामले में सजा मिली थी। डेविड वार्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने उनके बयान के कुछ हिस्सों का समर्थन किया, जबकि पैट कमिंस समेत कुछ अन्य खिलाड़ियों ने योजना की जानकारी होने से इनकार किया था।

स्वतंत्र मंच 2017-18 सत्र में गेंद के रखरखाव से जुड़ी प्रक्रियाओं, दक्षिण अफ्रीका दौरे के चारों टेस्ट मैचों और 24 मार्च 2018 को केपटाउन टेस्ट में बेनक्रॉफ्ट से जुड़ी घटना की समीक्षा करेगा। साथ ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तत्कालीन जांच प्रक्रिया का भी आकलन किया जाएगा। हालांकि, इस मंच को पुरानी जांच दोबारा खोलने या किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी तय करने का अधिकार नहीं होगा।

इस प्रक्रिया में तत्कालीन खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी और निदेशक शामिल हो सकेंगे। वे व्यक्तिगत, ऑनलाइन या लिखित माध्यम से अपनी बात रख सकते हैं। भागीदारी स्वैच्छिक होगी और जरूरत पड़ने पर वकील या सहयोगी को साथ रखने की अनुमति भी होगी।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि पुरानी घटनाओं से सीखना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोगों की सुरक्षा और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.