नई दिल्ली। बचपन शरीर और मस्तिष्क के तेजी से विकास का महत्वपूर्ण दौर होता है। इस दौरान बच्चों की हड्डियों, मांसपेशियों और दिमाग के बेहतर विकास के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी केवल बच्चों का पेट भरना नहीं, बल्कि उन्हें बचपन से ही पौष्टिक भोजन और स्वस्थ खानपान की आदतें सिखाना भी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी बच्चों के शुरुआती वर्षों में संतुलित भोजन और अलग-अलग खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर जोर देता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, खानपान से जुड़ी कुछ सामान्य गलतियां बच्चों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
1. दूध की बोतल देकर सुलाने से बचें
छोटे बच्चों के लिए दूध पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है, लेकिन रात में दूध की बोतल मुंह में देकर सुलाने की आदत दांतों में कैविटी का खतरा बढ़ा सकती है। दूध में मौजूद प्राकृतिक शर्करा लंबे समय तक दांतों के संपर्क में रहने से नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए सोने से पहले दूध पिलाने के बाद बच्चों के दांत साफ करना जरूरी है।
2. सब्जियों का जूस नहीं, साबुत सब्जियां दें
सब्जियों में फाइबर, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। बच्चों को गाजर, खीरा और टमाटर जैसी सब्जियां उम्र के अनुसार सुरक्षित तरीके से काटकर दें। अन्य सब्जियों को हल्का पकाकर भी दिया जा सकता है। रोजाना जूस और स्मूदी देने के बजाय साबुत सब्जियां खाने की आदत डालें।
3. पौष्टिक स्नैक्स को बनाएं भोजन का हिस्सा
मुख्य भोजन के अलावा बच्चों को उनकी भूख और उम्र के अनुसार फल, दही, पोहा, दलिया और सुरक्षित तरीके से तैयार सूखे मेवे दिए जा सकते हैं। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, 6 से 23 महीने के बच्चों को जरूरत के मुताबिक एक से दो पौष्टिक स्नैक्स दिए जा सकते हैं।
4. पानी पीने की आदत डालें
खेलकूद और मोबाइल-टीवी में व्यस्त रहने के कारण बच्चे अक्सर पानी पीना भूल जाते हैं। ऐसे में माता-पिता उन्हें नियमित रूप से साफ पानी पीने के लिए प्रोत्साहित करें।
5. ज्यादा मीठा खाने से रोकें
चॉकलेट, बिस्कुट, मिठाई और केक का अधिक सेवन दांतों की समस्या और वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। इसलिए बच्चों को इन चीजों का सीमित सेवन कराएं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों की अच्छी सेहत के लिए भोजन की मात्रा के साथ उसकी गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण है। संतुलित आहार और सही खानपान की आदतें उनके बेहतर भविष्य की नींव रखती हैं।

