After Header-1

नेपाल में बाढ़ की तबाही: 676 लोग अब भी लापता, 140 करोड़ का नुकसान

काठमांडू। नेपाल में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ की भयावह तस्वीर अब सामने आई है। इस प्राकृतिक आपदा ने सार्वजनिक यातायात क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ में यातायात क्षेत्र से जुड़े कुल 782 लोग प्रभावित हुए, जिनमें से 676 लोग अब भी लापता हैं। वहीं, 39 लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 64 लोगों की स्थिति और पहचान से जुड़ी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

यातायात क्षेत्र को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लम्साल को सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावितों में 532 चालक, 111 सहचालक, 106 यात्री और 33 यातायात व्यवसायी शामिल हैं। समिति ने पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों के लिए राहत, मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा तथा पुनर्वास की व्यवस्था करने की सिफारिश की है।

विदेशी पर्यटक और तीर्थयात्री भी लापता

बाढ़ में विदेशी नागरिक भी लापता हुए हैं। रिपोर्ट में 14 विदेशी पर्यटकों के लापता होने की पुष्टि की गई है। इनमें 13 ऑस्ट्रेलियाई और एक अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा नमस्ते पासाङल्हामु यातायात प्राइवेट लिमिटेड की चार बसों में सवार 103 विदेशी तीर्थयात्रियों का भी अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। हालांकि, इन यात्रियों का व्यक्तिगत विवरण उपलब्ध नहीं है।

409 वाहनों को पहुंचा नुकसान

प्राकृतिक आपदा ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। बाढ़ में कुल 409 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें 311 कंटेनर, 39 बस, 33 ट्रक, नौ टिपर और अन्य छोटे-बड़े यात्री एवं मालवाहक वाहन शामिल हैं। समिति के अनुसार, 384 वाहनों को हुए नुकसान का आकलन 140 करोड़ 73 लाख 77 हजार 875 नेपाली रुपये किया गया है। शेष 25 वाहनों के नुकसान का वित्तीय विवरण उपलब्ध नहीं हो सका।

गौरतलब है कि तत्कालीन यातायात व्यवस्था विभाग के महानिदेशक राजीव पोखरेल की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट में प्रभावितों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता के लिए तत्काल कदम उठाने पर जोर दिया है। रिपोर्ट सौंपते समय मंत्री सुनील लम्साल ने सिफारिशों के शीघ्र क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.