After Header-1

झारखंड स्थापना दिवस पर सजा सांस्कृतिक मंच, 160 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। महोत्सव के पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और शास्त्रीय संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। रांची के कुश कुमार करुवा ने बांसुरी वादन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली जनजातीय नृत्यों का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। सरायकेला छऊ नृत्य की प्रस्तुति गुरु तपन कुमार पटनायक ने दी। वहीं, वर्षा लकड़ा और उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गीतों और संगीत से कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।

160 स्टॉल पर दिखी सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की झलक

महोत्सव स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से करीब 160 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं। स्टॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, जनजातीय कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करना और राज्य सरकार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाना है। आगामी दो दिनों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.