दोहा। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ए को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 317 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों के तूफानी शतकों के सामने भारतीय गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर साबित हुई। श्रीलंका ए ने 41.3 ओवर में दो विकेट खोकर 318 रन का लक्ष्य हासिल कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ भारत ए का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 48 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए। वैभव ने 27 गेंदों में 40 रन बनाए। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने अभिषेक के साथ पारी को संभाला। अभिषेक ने 63 गेंदों में 78 रन बनाए, जबकि तिलक ने 66 गेंदों पर 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और 235 रन तक छह विकेट गिर गए। ऐसे में शाहबाज अहमद ने 48 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाकर टीम को 317 रन तक पहुंचाया। तनुष कोटियान ने भी 28 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुण धनंजय ने दो-दो विकेट लिए।
सलामी बल्लेबाजों के शतकों ने दिलाई जीत
318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को लसिथ क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 174 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। क्रूसपुले ने 107 गेंदों में 116 रन बनाए, जबकि जयवर्धने ने सिर्फ 70 गेंदों में 105 रन ठोक दिए।
इसके बाद निशान मदुष्का ने नाबाद 58 और कप्तान पवन रत्नायके ने नाबाद 31 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।
भारतीय गेंदबाज पूरे मैच में दबाव बनाने में नाकाम रहे। हर्षित राणा और शाहबाज अहमद को एक-एक विकेट मिला। श्रीलंका ए अब रविवार को फाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी।

