नई दिल्ली। देश में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों और सरकारी प्रयासों का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के आंकड़ों के अनुसार, भारत में बाल विवाह की दर 2005-06 के 47.4 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 20.1 प्रतिशत रह गई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।
संविधान दिवस और बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली के कुसुमपुर पहाड़ी क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर के नेतृत्व में निकाले गए मशाल जुलूस में करीब 2,000 महिलाओं, बच्चों, बाल विवाह से बचाई गई बेटियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों ने दीप जलाकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की शपथ ली।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024 में शुरू किए गए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के परिणाम सामने आने लगे हैं। अभियान के तहत अब तक 6.86 लाख से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 12.5 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई गई है। वहीं, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर 72 हजार से अधिक बाल विवाह निषेध अधिकारियों का विवरण उपलब्ध है। इनमें करीब 60 हजार अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात हैं।
उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, सुकन्या समृद्धि योजना और समग्र शिक्षा जैसी योजनाओं को भी बाल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का आयोजन बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ (जेआरसी) ने किया। संगठन के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करना अब एक हासिल किया जा सकने वाला लक्ष्य है। उन्होंने सामाजिक जागरूकता, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और राजनीतिक इच्छाशक्ति को इस बदलाव का आधार बताया।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को सर्वसम्मति से 27 नवंबर को बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया था। इस पहल को भारत समेत 84 देशों का समर्थन मिला था।

