After Header-1

धामी के आश्वासन के बाद भी बिंदुखत्ता को झटका, कैबिनेट से खाली हाथ लौटे लोग

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की वर्षों पुरानी उम्मीद एक बार फिर अधूरी रह गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन के बावजूद शुक्रवार को हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया गया। कैबिनेट के 23 निर्णयों की सूची में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने से संबंधित प्रस्ताव शामिल नहीं होने से क्षेत्रवासियों में निराशा है।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 नवंबर को पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद बिंदुखत्ता पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। राजस्व गांव की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री ने इस विषय को 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में रखने और समाधान की दिशा में निर्णय लेने का भरोसा दिलाया था।

मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद बिंदुखत्ता के लोगों को उम्मीद जगी थी कि इस बार उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकती है। क्षेत्रवासियों को विश्वास था कि कैबिनेट बैठक में राजस्व गांव की अधिसूचना जारी करने की दिशा में कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, बैठक समाप्त होने के बाद जारी फैसलों की सूची में इस मुद्दे का उल्लेख नहीं मिलने से लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।

गौरतलब है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए स्थानीय लोग लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। यह मांग क्षेत्र के लोगों के लिए केवल प्रशासनिक दर्जे तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके भविष्य और बुनियादी सुविधाओं से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में कैबिनेट से कोई निर्णय नहीं आने के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव की अधिसूचना आखिर कब मिलेगी।

बापूग्राम के फैसले को लेकर भी भ्रम

इधर, सोशल मीडिया पर ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव को मिली सैद्धांतिक मंजूरी को बिंदुखत्ता से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। हालांकि, कैबिनेट का यह निर्णय केवल बापूग्राम से संबंधित है। बिंदुखत्ता के लिए इस तरह का कोई फैसला नहीं लिया गया है। ऐसे में दोनों मामलों को एक-दूसरे से जोड़कर देखना सही नहीं है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.